औरैया। शनिवार को स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी की वजह से शुक्रवार को 50 शय्या जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ उमड़ी। डॉक्टरों ने बताया कि आज सबसे अधिक शरीर में दर्द और बेचैनी के मरीज आए। मौसम परिवर्तन से होने वाली बीमारियों से भी ग्रस्त मरीज देखने को मिले हैं। वहीं, मरीजों की भीड़ से सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां भी उड़ीं। हालांकि अस्पताल प्रशासन की ओर से कोरोना संक्रमण के प्रति जागरूक करने के लिए स्पीकर से प्रचार सुनाया जा रहा था।
शुक्रवार को सुबह से ही अस्पताल में मरीजों की भीड़ बढ़ने लगी। पर्ची काउंटर के कर्मचारी ने बताया कि दोपहर साढ़े 12 बजे तक 313 नए पर्चे बने और दो बजे तक कुल 335 नए पर्चें मरीजों ने बननवाए। इसके अलावा लगभग 50 पुराने पर्चों पर मरीजों ने इलाज कराया है। अस्पताल परिसर में सोशल डिस्टेंस का पालन होते कहीं नजर नहीं आया। जबकि चिकित्सक के कक्ष में मरीजों को सोशल डिस्टेंस का पालन कर कोरोना संकट के नियमों का पालन करते हुए चिकित्सकों ने मरीजों को देख और उन्हें जागरूक करते हुए सुझाव दिए।
डॉ.मोहित ने बताया कि आज सबसे अधिक शरीर में दर्द के रोगी अधिक देखने को मिले हैं। डॉ. पीके कटियार ने बताया कि मौसम परिवर्तन के साथ बीमारियां जन्म लेतीं हैं। मौसम परिवर्तन से होने वाली बीमारियों से संक्रमित मरीज अधिक देखने को मिले हैं। जिसमें शरीर में खुजली के साथ शरीर में दर्द और सूजन आदि के मरीज आए। कुछ मरीज बुखार के आए, हालांकि उनमें कोरोना संक्रमण के लक्षण नहीं देखने को मिले हैं। फिर मरीजों को जांच के लिए सुझाव दिए गए हैं।
50 शय्या अस्पताल में एक डॉक्टर की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। जिसके चलते चिकित्सक को होम आइसोलेट किया गया है। इधर,सीएमएस डा.लाखन सिंह ने बताया कि अस्पताल को प्रतिदिन सुबह के समय सैनिटाइज कराया जाता है।