औरैया। ग्राम पंचायत निधि के खातों में चेक से भुगतान पर रोक के बावजूद बैंक ने चार लाख 47 हजार 404 रुपये का भुगतान पांच चेकों के माध्यम से कर दिया। जानकारी होने पर प्रधान और सचिव ने शाखा प्रबंधक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
ग्राम प्रधान कुसमरा विजय सिंह ने कोतवाली सदर में दी तहरीर में कहा कि ग्राम पंचायत कुसमरा ब्लॉक बिधूना के ग्राम निधि का खाता बैंक ऑफ बड़ौदा औरैया शाखा में खाता है। जिससे में धोखाधड़ी करके दो जुलाई को ऑनलाइन 92,227, सात जुलाई को 94,503, नौ जुलाई को 96347, 18 जुलाई को 97,900 तथा 20 जुलाई को 95,427 रुपये का भुगतान कर दिया गया। उसके पास सभी चेक उपलब्ध हैं। जबकि चेक से भुगतान करने पर जिला पंचायतराज अधिकारी द्वारा पूर्व में रोक लगा रखी है।
इस संबंध में डीपीआरओ अष्ट कुमार त्रिपाठी का कहना है कि जब चेक भुगतान पर रोक लगा दी गई थी। यह बैंक अधिकारियों की गलती प्रतीत हो रही है। प्रधान और सचिव को शाखा प्रबंधक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।