औरैया। कोरोना संक्रमण से आरोग्य सेतु एप आपको बचाने का काम करेगा। यदि आप किसी संदिग्ध व्यक्ति के आसपास हैं तो इसके लिए यह एप अलर्ट का मैसेज भी देगा। इसी एप ने शहर के 12 लोगों को संदिग्ध बताया है। जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें उनके घरों पर पहुंची और सैंपल लेकर जांच के लिए लखनऊ भेजे।
केंद्र व राज्य सरकार ने वैश्विक महामारी फैलने के दौरान हर नागरिक को मोबाइल फोन में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने की अपील की थी। अब तक जिले में 50 हजार से अधिक लोग इस एप का डाउनलोड कर चुके हैं।
बुधवार को इस एप का डाउनलोड करने वाले मोबाइल के संपर्क में आए 12 लोगों को एप ने संदिग्ध बताया। इसकी जानकारी जिलाधिकारी को दी गई। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य अधिकारियों को जानकारी देकर संबंधित व्यक्ति के नमूने लेने के लिए टीमें भेजी है। जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि एप के संपर्क में आने वाले 12 संदिग्धों के सैंपल लेने के लिए टीमें उनके घरों पर पहुंची। सैंपल लेकर कोरोना की जांच के लिए लखनऊ भेजे जाएंगे। बताया कि इन संबंधित व्यक्तियों में कोरोना वायरस के लक्षण नहीं देखने को मिले है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इनको क्वारंटीन किया जा सकता है। फिलहाल उन्हें जांच रिपोर्ट आने तक होम क्वारंटीन रहने के निर्देश दिए गए हैं।
नोडल अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि आंध्र प्रदेश से होकर दो ट्रक चालक जिले में आए। इन चालकों ने स्वयं अस्पताल पहुंचकर ट्रैवलिंग किए जाने की जानकारी देते हुए कोरोना की जांच कराए जाने की मांग की। चालकों की मांग पर उनके सैंपल लेकर जांच के लिए लखनऊ भेजे जा रहे हैं। दोनों चालकों को होम क्वारंटीन रहने के निर्देश दिए गए हैं।