औरैया। खानपुर कस्बा स्थित कुरैशियान मस्जिद में आए तब्लीगी जमातियों के संपर्क में आने वाले चार और लोगों को मंगलवार की रात क्वारंटीन किया गया। इसके पहले मंगलवार को दिन में सात लोगों को क्वारंटीन किया गया था। अब क्वारंटीनों की संख्या 11 पहुंच गई है। सभी को चिचौली स्थित सौ शय्या जिला अस्पताल में रखा गया है। साथ ही सभी 11 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
खानपुर कस्बे के कुरैशियान मस्जिद में तब्लीगी जमात के 13 लोग मिले थे। इनमें 11 शामली और दो तेलंगाना के रहने वाले थे। जांच में चार जमातियों की पॉजिटिव रिपोर्ट आने पर प्रशासन के हाथ पांव फूल गए थे। इसके बाद जिला प्रशासन के आदेश पर स्वास्थ्य विभाग ने 266 टीमों का गठन कर जमातियों के संपर्क में आने वाले 12 सौ से ज्यादा परिवारों की जांच कराई।
डीएम अभिषेक सिंह ने बताया कि 13 जमातियों के रहनुमाई करने वालों की संख्या 51 बताई जा रही थी। जांच करने पर पाया गया कि इन जमातियों की रहनुमाई में 11 लोग लगे थे। इन 11 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग कराने के बाद चिंह्ति किए गए सात लोगों को मंगलवार को दिन में चिचौली स्थित सौ शैया अस्पताल में क्वारंटीन किया गया। इसके बाद मंगलवार की ही रात में चार अन्य लोगों को भी क्वारंटीन किया गया है। सभी 11 लोगों को सौ शय्या जिला अस्पताल में रखा गया है। डीएम ने बताया कि जमातियों के संपर्क में रहने वाले इन 11 लोगों की मेडिकल जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने पर आगे का निर्णय लिया जाएगा।