औरैया। जिले में गैर संचारी रोगों को लेकर लोगों को जागरूक करने, बचाव व उपचार के साथ स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गैर संचारी रोग प्रकोष्ठ (एनसीडी कार्यक्रम) के तहत जिले में 16 जनवरी से 15 फरवरी तक गैर संचारी रोग स्क्रीनिंग अभियान चलेगा। जिले में लगभग 29 हजार 45 लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसकी जिम्मेदारी प्रशिक्षित चिकित्सक, एएनएम तथा आशा कार्यकर्ताओं को सौंपी गई है।
सोमवार को सीएमओ कार्यालय स्थित सभागार में हुई बैठक में इस बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बैठक में गैर संचारी रोगों (डायबिटीज, हाइपरटेंशन, कैंसर एवं लकवा) के नियंत्रण के लिए स्क्रीनिंग को बेहद जरूरी बताया। सीएमओ डॉ. एके राय ने इसके लिए सभी अधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ताओं द्वारा अपने कार्य क्षेत्र के सभी घरों का भ्रमण कर परिवार फोल्डर बनाया जाएगा। 30 साल से अधिक आयु वर्ग के पुरुषों और महिलाओं का सी बैक फार्म भरा जाएगा। इस फार्म को कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर या एएनएम के पास जमा किया जाएगा। एक माह तक चलने वाले इस अभियान की समीक्षा जिलाधिकारी प्रत्येक सप्ताह करेंगे।
जिला समुदाय प्रक्रिया प्रबंधक (डीसीपीएम) अजय कुमार ने बताया कि अब गांव के लोगों को घर बैठे कैंसर, हाइपरटेंशन, डायबिटीज जैसी बीमारियों का इलाज मिलेगा। हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने बताया कि जिले में जो केंद्र संचालित हैं उनमें 16 सबसेंटर जिनको हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर बनाया गया है, एक नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 17 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में अभियान चलेगा। बैठक में डिप्टी सीएमओ डॉ. अशोक आदि मौजूद रहे।