अजीतमल (औरैया)। तहसील क्षेत्र के गांवों में लगातार बढ़ रहे डेंगू के मरीजों की संख्या के चलते स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार गांवों में दौरा कर रही है। टीम द्वारा गांव में सफाई आदि की व्यवस्था भी देखी जा रही है। गांव में फैली गंदगी देखकर स्वास्थ्य विभाग की टीम का पारा चढ़ गया और उन्होंने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया।
मंगलवार को जिला स्तरीय स्वास्थ्य टीम में मौजूद डा. महेश चंद्र, डा. सरफरास अंसारी, कृष्णा कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डा. विमल ने तहसील क्षेत्र के गांव सेऊपुर एवं मोहद्दीनपुर का दौरा किया। जिले की टीम ने गांव में सीएचसी अजीतमल से आई टीमों द्वारा किये जा रहे बुखार से पीड़ित मरीजों के हो रहे परीक्षण को देखा। साथ ही गांव में घूमकर सफाई की व्यवस्था की हकीकत देखी। भ्रमण के दौरान ग्राम सेऊपुर में जहां सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई तो वहीं ग्राम मोहद्दीनपुर में खुले नाले में गंदगी जमा मिला। जगह-जगह भरे पानी एवं फैली गंदगी को देख स्वास्थ्य विभाग की टीम का पारा चढ़ गया और उन्होंने उपजिलाधिकारी अजीतमल एवं नगर पंचायत अटसू के ईओ से बात कर सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की बात कही। टीम के साथ पहुंचे सीएचसी अधीक्षक डा. विमल ने बताया कि आज गांव में सफाई व्यवस्था को देखा गया है तथा गांव सेऊपुर में 14 मरीजों का परीक्षण किया गया, तीन मरीजों की स्लाईड बनायी गयी है।
गॉव मोहददीनपुर में 26 मरीजों का परीक्षण एवं आठ की स्लाइड बनाई गई है। बताया कि सीएचसी अजीतमल पर भी गंभीर 18 मरीजों को भर्ती कराया गया है। बताया कि स्वास्थ्य केंद्र की टीम लगातार कार्य कर रही है।