दिबियापुर (औरैया)। जिले में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के नोडल अधिकारी लखनऊ से आए संयुक्त निदेशक डॉ. एके चौरसिया बुधवार को जिले में चलाए जा रहे क्षय रोग मिटाओ अभियान की हकीकत जानने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रतापपुर उसरारी गांव का निरीक्षण कर हकीकत जानी। दिबियापुर सीएचसी का भी निरीक्षण किया।
डॉ. एके चौरसिया ने दिबियापुर सीएचसी का निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे पहले अस्पताल में स्थित प्रयोगशाला का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड, जननी सुरक्षा योजना वार्ड, औषधि वितरण कक्ष देखा।
इससे पहले उन्होंने क्षेत्र के गांव प्रतापपुर व उसरारी में जाकर लोगों से जानकारी की कि गांवों में टीम आ रही है या नहीं। बताया कि क्षय रोग की पहचान के लिए गांवों में टीम भेजी जा रही है, जो घर-घर जाकर जानकारी करती है। क्षय रोग संबंधी लक्षण मिलने पर संबंधित व्यक्ति की अस्पताल में जांच करवाई जाती है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. नवीन मिश्रा ने बताया कि विकास खंड भाग्यनगर में अब तक हुई जांच में पांच लोगों को यह बीमारी पाई गई है। रविभान सिंह, श्याम, सीएचसी अधीक्षक डॉ. जितेंद यादव ने भी गांव का दौरा किया। अस्पताल में चीफ फार्मासिस्ट आरके मिश्रा, राज कुमार गुप्ता, उमा शंकर, गौरव शुक्ला आदि मौजूद रहे।