नई बस्ती इंदिरा नगर मोहाल में आई बारात के दौरान शराब के नशे में धुत कुछ लोगों ने बैंड बजाने वालों से अपनी पंसद का गाना बजाने को कहा। फरमाइश जब पूरी नहीं हुई तो आरोपियों ने बैड वालों की खींचतान शुरू कर दी।
उस समय तो मामला शांत हो गया। परंतु बारात की विदा होने के बाद मंगलवार सुबह कुछ लोगों ने घर में घुसकर जमकर मारपीट की।
सोमवार को इंद्रपाल सिंह नई बस्ती इंदिरानगर की बेटी की शादी थी। बारात पास के ही एक गांव से आई थी। रात में बारात के दौरान कुछ शराब पिए युवकों ने बैंड वालों से मनपसंद गाना बजाने को कहा। फरमाइश पूरी नहीं हुई तो मारपीट पर आमादा हो गए। लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया।
आरोप है कि मंगलवार सुबह विदा का कार्यक्रम संपन्न होने के बाद जब लड़की का पिता इंद्रपाल सिंह, उसका बेटा बाबूराम टैंट का सामान समेटकर ट्रैक्टर में लाद रहा था। तभी रात की खुन्नस खाए कुछ लोगों ने उन पर हमला बोल दिया। मारपीट करते हुए इंद्रपाल सिंह तथा उसके पुत्र कुलदीप एवं पुत्री सुंदरी को पीट पीट कर बेदम कर दिया।
पीड़ित इंद्रपाल सिंह ने थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि राजू एवं संजू पुत्रगण रामसिंह दिबियापुर तथा झब्बू निवासी इंदरगढ़ कन्नौज उसके घर पर चढ़कर आए।
मारपीट के दौरान कहने लगे कि रात को बारात में तुम लोगों ने उनको बेइज्जत किया है। उप निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने मौके पर जाकर पड़ताल की और बताया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाई की जाएगी।