मिशन 2017 के तहत मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने औचक निरीक्षण करने की योजना बनाई है। इसी के तहत बुधवार को औरैया एवं कन्नौज जिले में पहुंचे। अफसरों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की तो पार्टी नेताओं से चुनावी फीडबैक भी लिया।
पार्टी सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री ने योजना बनाई है कि किसी न किसी जिले का औचक निरीक्षण करेंगे। इसी के तहत वह बुधवार को अचानक बिधूना (औरैया) पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अफसरों को विकास कार्य तेज करने का निर्देश दिया तो पार्टी नेताओं को चुनाव में जुटने को कहा। साथ ही यह भी संकेत दिया कि अगले दौरे में विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे। सीएम के अचानक आने से अफसरों में खलबली रही।
यहां से वह कन्नौज के लिए रवाना हुए। कन्नौज की सीमा पर डीएम अनुज कुमार झा एवं सीडीओ उदयराज ने स्वागत किया। इसके बाद उनका काफिला आगे बढ़ा। खास बात यह रही कि इस बार सीएम पूरी तौर पर चुनावी मूड़ में नजर आए। जिले की सीमा में उनकी फ्लीट को कार्यकर्ताओं ने जहां-जहां रोका, वह रूकते गए। लोगों के मांगपत्र लिए और कार्रवाई का भरोसा दिया। तिर्वा में दुकान पर रूक कर चाय पी और कार्यकर्ताओं से कुशलक्षेम पूछा।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कन्नौज का प्रशासनिक अमला अलर्ट रहा। माना जा रहा था कि वह किसी गांव में विकास कार्य देख सकते हैं। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। कन्नौज सर्किट हाउस में करीब 10 मिनट रहे। अफसरों को विकास कार्य तेज करने के निर्देश दिए। पत्रकारों से बातचीत करते हुए विकास कार्यों के दम पर दोबारा सरकार बनाने का दावा किया। यहां से पुलिस लाइन पहुंचे और हेलीकाप्टर से लखनऊ रवाना हो गए।