औरैया। अति से रगड़ करे जो कोई, अनल प्रगट चंदन ते होई। यह कहावत दिबियापुर में विवेकानंद महाविद्यालय में फिजिक्स के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर हर्षवर्धन के ऊपर सटीक बैठती है। उन्होंने अपने सातवें प्रयास में उत्तर प्रदेश का पीजीटी परीक्षा पास ही नहीं की बल्कि प्रदेश में पहली रैंक पाई है।
विवेकानंद महाविद्यालय में फिजिक्स के प्रोफेसर हर्षवर्धन अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने लेक्चररशिप के लिए पीजीटी परीक्षा के घोषित रिजल्ट में फिजिक्स विषय में यूपी में प्रथम रैंक पाई है। उन्होंने बताया कि इससे पहले वह छह बार परीक्षा में बैठ चुके हैं। एक बार तो इंटरव्यू तक पहुंच गए थे, परंतु असफलता हाथ आई थी। परंतु उन्होंने हार नहीं मानी। अबकी सातवीं बार घोषित हुए रिजल्ट में उनकी प्रदेश में पहली रैंक आई है।
बताया कि वह विवेकानंद महाविद्यालय में 1997 से फिजिक्स के प्रोफेसर के तौर पर काम कर रहे हैं। वह फिजिक्स के विभागाध्यक्ष भी हैं। हर्षवर्धन अग्रवाल की फैमिली बिजनेस से जुड़ी हुई थी। वह वर्ष 2002 में यूपी स्लैट की परीक्षा दे चुके हैं। इसके रिजल्ट में उन्होंने 9 वीं रैंक पाई थी। 2005 में नेशनल इलिजविलटी टेस्ट (नेट) क्वालीफाई किया था। पत्नी प्रीती अग्रवाल प्राथमिक विद्यालय में अध्यापक हैं। हर्षवर्धन की उपलब्धि पर अवधेश कुमार, नरेंद्र कश्यप, राहुल शुक्ला, दिलीप रावत, सत्यदेव, अनुपम तिवारी, ब्रजमोहन एवं स्टाफ ने शुभकामनाएं दीं।