औरैया। लंबे अर्से से विकास कार्यों की आस देख रहे आवास विकास कालोनी के वाशिंदों को अब मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। लगभग तीन सालों से परिषद के पांच ब्लॉक हस्तांतरण की चल रही प्रक्रिया अब जल्द ही पूरी होने वाली है। डीएम ने 10 दिनों के अंदर एक्सईएन को ब्लाकों को कार्य हस्तांतरण के निर्देश दिए हैं।
कलक्ट्रेट स्थित कार्यालय में जिलाधिकारी नेहा प्रकाश ने पूर्व राज्य मंत्री के साथ आवास विकास परिषद व नगर पालिका परिषद के अधिकारियों की बैठक ली। जिसमें बताया कि सड़क, बिजली, नाली व पानी से लेकर बुनियादी सहूलियत पर पालिका काम कराएगी। जबकि सीवरेज को लेकर कार्यदायी संस्था जल निगम की सी एंड डीएस की ओर से काम कराया जाएगा। आवास विकास जनकल्याण समिति के अध्यक्ष डॉ. एसएसएस परिहार ने बताया कि बहु प्रतीक्षित समस्या का समाधान होने जा रहा है। अब आवास विकास कालोनी में मूलभूत सुविधाओं पर काम हो सकेगा। ब्लाकों को हेंडओवर करने के लिए जिलाधिकारी ने 10 दिन का समय दिया है। पालिका को पांच ब्लॉक हस्तांतरित करने के साथ ही इस धनराशि को भी हस्तांतरित किया जाना है। जिससे पालिका प्रशासन आवास विकास परिषद में व्याप्त समस्याओं को दूर करने पर खर्च करेगा।