देवकली चौकी के सामने डेढ़ माह से खड़ा पेट्रोल से भरा टैंकर।
- फोटो : amar ujala beuro
देवकली चौकी के पास पेट्रोल से भरा एक लावारिस टैंकर करीब डेढ़ माह से खड़ा है। डेढ़ माह पूर्व पकड़े गए इस टैंकर के चालक और हेल्पर को जेल भेज दिया गया है। लेकिन पुलिस अभी तक इस टैंकर के मालिक का पता नहीं लगा सकी है। वहीं टैंकर से बूंद-बूंद टपकते पेट्रोल से कभी भी हादसा हो सकता है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक टैंकर में भरे पेट्रोल के निस्तारण को अनुमति के लिए डीएम को चार दिन पहले रिपोर्ट प्रस्तुत की गई है।
शहर से सटे गांव मधुपुर ने 13 मार्च को एसओजी टीम ने मुखबिर की सूचना पर इटावा की ओर से आ रहे टैंकर में अवैध तरीके से पेट्रोल ले जाते पकड़ा था। सूचना मिलते ही एसओजी की टीम ने टैंकर को शहर से सटे गांव मधुपुर में नहर के पास रोक लिया। एसओजी टीम ने ड्राइवर व हेल्पर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं टैंकर के कागजों को कब्जे में लेकर उसकी जानकारी की गई। लगभग डेढ़ माह बाद भी औरैया पुलिस टैंकर के असली मालिक का पता नही लगा सकी है। उधर पकड़े गए टैंकर को पुलिस ने देवकली पुलिस चौकी के सामने खड़ा करा लिया है।
अभी तक रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। पेट्रोल अति ज्वलनशील पदार्थ है। इसमें जरा भी लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। अभी पता लगवा कर आवश्यक कदम उठाने को निर्देशित करती हूं।
माला श्रीवास्तव, डीएम
एक सप्ताह पहले ही चार्ज लिया है। इस बारे में जानकारी नहीं है। पेट्रोल जैसे ज्वलनशील पदार्थ के मामले में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। अभी मालूम करके निस्तारण की कार्रवाई कराई जा रही है।
अतुल शर्मा, एसपी