औरैया। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होंगी। हाईस्कूल में पहली परीक्षा हिंदी विषय की है, जो छात्रों को अंक दिलाने में सबसे अहम मानी जाती है।
विषय विशेषज्ञों के अनुसार यदि छात्र कुछ प्रमुख टॉपिक पर ध्यान दें। व्याकरण की अच्छी तैयारी से अच्छे अंक लाना बिल्कुल मुश्किल नहीं। नगर पालिका इंटर कॉलेज की हिंदी विषय की शिक्षिका बिंदु ने छात्राें को इस परीक्षा के लिए विशेष टिप्स दिए हैं, जो हम छात्रों के लिए प्रस्तुत कर रहे हैं।
हिंदी का पेपर तीन हिस्सों में छात्रों को स्कोर करने का मौका देता है। काव्य, गद्य और व्याकरण। इसमें सबसे ज्यादा स्कोरिंग व्याकरण होता है, जिसे तैयार कर लेने पर आधे अंक पक्के माने जाते हैं। इसकी तैयारी विशेष तरीके से की जाती है।
व्याकरण में संधि, समास, उपसर्ग–प्रत्यय, अलंकार, मुहावरे–लोकोक्ति, त्रुटि सुधार महत्वपूर्ण होते हैं। इन्हें रटें नहीं, उदाहरणों से करने का प्रयास करें। व्याकरण से छात्र 25-30 नंबर आसानी से पा सकते हैं।
काव्य खंड में कवियों की जीवनी के प्रमुख बिंदु, कठिन शब्दों के सरल अर्थ, काव्यांशों का भावार्थ, अलंकार व रस पहचान आते हैं। काव्य भावार्थ को अपनी भाषा में लिखने का अभ्यास करें। वही उत्तर कॉपी में सबसे प्रभावी लगता है। गद्य खंड में गद्यांश का सार, लेखकों के प्रमुख कार्य आते हैं। गद्य खंड में अक्सर सीधे प्रश्न आते हैं, इसलिए पाठ याद न करें, इसे समझकर करने का प्रयास करें।
अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए खास टिप्स
पिछले पांच वर्ष के पेपर जरूर हल करें। इनसे प्रश्न पैटर्न और महत्वपूर्ण टॉपिक साफ हो जाते हैं। अभ्यास के लिए अलग नोटबुक बनाएं, जिसमें रोज एक-दो व्याकरण अभ्यास और एक लेखन कार्य जरूर करें। पत्र, अनुच्छेद, संवाद, सूचना इन सभी के निर्धारित प्रारूप याद कर लें। लेखन में सबसे ज्यादा अंकों की कटिंग फॉर्मेट गलत होने पर होती है। उत्तर साफ-सुथरा और बिंदुवार लिखें, इससे परीक्षक पर पहला प्रभाव अच्छा पड़ता है।
शिक्षिका बिंदु कहती हैं कि समय प्रबंधन ही 10–15 अतिरिक्त अंक दिलाता है। पेपर के अंत में 10 मिनट रिविजन को जरूर रखें कई छात्र जल्दी में लिखकर गलती कर जाते हैं। शिक्षिका ने बताया कि हिंदी ऐसा विषय है, इसमें थोड़ी-सी नियमित तैयारी से छात्र पूरे नंबर तक ला सकते हैं। बस अंतिम 45 दिनों में रोजाना 2–3 घंटे का फोकस्ड अध्ययन काफी है।