दिबियापुर। गांव पुर्वा समाधान स्थित प्राथमिक विद्यालय में चोरों ने ताला तोड़कर सामान चोरी कर लिया। प्रधानाध्यापक की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रधानाध्यापक विमला देवी ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि 30 दिसंबर से विद्यालय बंद हो गया था। 14 जनवरी तक स्कूल की सर्दियों की छुट्टियां चल रहीं हैं। 13 जनवरी की रात में अज्ञात चोरो द्वारा मुख्य ताला तथा खिडकी का जंगला तोड़कर स्टोर तथा आफिस में चोरी की गई। अलमारी का ताला भी तोड़ा गया। मिड डे मील का सामान भी चोरी कर ले गए। थाना पुलिस ने चोरी की घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। (संवाद)
-
चरस के साथ युवक गिरफ्तार
दिबियापुर। थाना दिबियापुर पुलिस ने एक युवक को 120 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर एक कंपनी के डिलीवरी ब्वाय ने मोबाइल फोन छीनने और मोबाइल देने के एवज में रुपए छीन लेने का आरोप लगाया था। प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि दरोगा प्रदीप कुमार एवं दरोगा दिनेश कुमार ने विकास नगर में मुहल्ला निवासी प्रदीप कुमार शर्मा उर्फ राहुल को 120 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार कर लिया। इधर, बताते हैं कि औरैया रोड स्थित उपाध्याय नगर निवासी प्रभाकर पाल ने पकड़े गए युवक पर ही मोबाइल लेने और बाद में मोबाइल के बदले छह सौ रुपए छीनने का आरोप लगाया था। (संवाद)