रसोई गैस की आग हो या शार्ट सर्किट की सुरक्षा के विकल्पों को अपनाकर हम अल्प समय में आग पर काबू पा सकते हैं। अग्नि शमन सुरक्षा पखवारे के तहत आग से सुरक्षा के उपायों को लेकर सड़कों पर उतरे दमकल विभाग ने डेमो के माध्यम से आग पर नियंत्रण करने का प्रदर्शन किया। वहीं जनसामान्य को प्रचार सामग्री वितरित कर आगजनी की घटनाओं को टालने के साथ क्षति पर काबू पाने को जागरूक किया।
जिले में अग्निशमन सुरक्षा विभाग 15 से 29 फरवरी तक अग्निशमन सुरक्षा पखवारा मना रहा है। पखवारे के दौरान दमकल विभाग शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा के उपाय लेकर सड़कों पर है। इस क्रम में दमकल कर्मिर्यों ने शहर सहित, दिबियापुर और बाबरपुर नगर पंचायत मुख्यालय के सार्वजनिक स्थानों पर आग पर काबू पाने के लिए अपनाए जाने वाले तरीकों से संबंधित डेमो प्रदर्शन किया। रसोई गैस सिलेंडर, सीओटू सिलेंडर, फोम एक्सटिंग्यूशर साथ लेकर सड़कों पर उतरे दमकर्मियों ने शहर व टाउन एरिया के सार्वजनिक स्थानों पर कुकिंग गैस की पाइप लाइन में आग लगाकर कार्बनडाई आक्साइड सिलेंडर का प्रयोग कर बुझाने के साथ गीले कपड़े से आग बुझाकर दिखाई।
प्रदर्शन के बाद प्रभारी अग्नि शमन अधिकारी वेद प्रकाश दुबे ने बताया कि एक छोटी सी चूक आगजनी की घटनाओं का सवब बन सकती है। कहा कि सावधानी अपनाकर काफी हद तक आग की घटनाओं को हम न केवल टाल सकते हैं। बल्कि सही समय पर बेहतर उपाय अपनाकर आग फैलने से लेकर आगजनी की घटनाओं में होने वाली क्षति को काफी हद तक कम कर कर सकते हैं। इंजार्च एफएसओ दुबे ने बताया कि पखवारे के दौरान ग्रामीण व नगर क्षेत्रों में आगजनी की घटनाओं को टालने को सावधानियां और अग्नि सुरक्षा उपायों से संबंधित प्रचार सामग्री वितरित कर जन सामान्य को जागरूक किया जा रहा है। डेमो प्रदर्शन करने वालों में हैड कांस्टेबिल गुलाब सिंह, कांस्टेबिल संतोष सिंह, राम खिलावन, मुन्ना सिंह, नरेंद्र सिंह प्रमुख रहे।