देर रात आई ट्रेन में चढ़ते यात्री ।
- फोटो : देर रात आई ट्रेन में चढ़ते यात्री ।
दिबियापुर (औरैया)। कानपुर के भाऊपुर स्टेशन के समीप जनसाधारण एक्सप्रेस के कोच बेपटरी होने से शनिवार को भी ट्रेनों का संचालन लेट लतीफ रहा। फफूंद स्टेशन पर कई ट्रेनें घंटों देर से दौड़ीं। गोमती पांच और आगरा इंटरसिटी सात घंटे देर से आने के कारण यात्री परेशान रहे।
शुक्रवार को भाऊपुर में दिल्ली जा रही जनसाधारण एक्सप्रेस की दो बोगियां पटरी से उतर जाने से कुछ ट्रेनें रूट बदलकर चलाई गई थीं। इससे इन ट्रेनों के फफूंद रेलवे स्टेशन पर नहीं आने से शुक्रवार शाम को इन गाड़ियों की टिकट बिक्री भी बंद कर दी गई थी। कई यात्रियों को अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी तो कुछ अन्य साधनों से यात्रा करने को मजबूर हुए।
शनिवार को फफूंद रेलवे स्टेशन पर इटावा की ओर जाने वाली ट्रेनें महानंदा एक्सप्रेस तीन घंटे और नई दिल्ली जाने वाली गोमती एक्सप्रेस पांच घंटे देर से पहुंची। वहीं कानपुर की ओर जाने वाली सुपरफास्ट इंटरसिटी एक्सप्रेस सात घंटे व स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस चार घंटे देर से आई। इससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कुछ यात्री टिकट वापस कर निजी वाहनों से रवाना हो गए।
मुख्य बुकिंग पर्यवेक्षक रोहित कुमार ने बताया कि जनसाधारण एक्सप्रेस में जनरल बोगी के डिब्बे पटरी से उतरने से कुछ ट्रेनें प्रभावित हुई हैं।