दिबियापुर (औरैया)। लखनऊ से नई दिल्ली के बीच चलने वाली गोमती एक्सप्रेस जुलाई में छह दिन निरस्त रहेगी। प्रयागराज मंडल के गाजियाबाद-टूंडला खंड के खुर्जा और सिकंदरपुर रेलवे स्टेशनों के बीच डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) लाइन पर रेलवे फ्लाईओवर के निर्माण के कारण यह फैसला लिया गया है। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डा. शिवम शर्मा के अनुसार 12419 अप और 12420 डाउन गोमती एक्सप्रेस दो, चार, छह, सात, 10 व 13 जुलाई को निरस्त रहेगी।
जिले के फफूंद रेलवे स्टेशन पर रुकने वाली गोमती एक्सप्रेस दैनिक यात्रियों की लाइफलाइन मानी जाती है। इस ट्रेन से सुबह के समय लखनऊ और कानपुर से फफूंद रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों की संख्या काफी अधिक रहती है। शाम को पांच बजकर 50 मिनट पर फफूंद से कानपुर जाने वाली यह आखिरी ट्रेन है।
गोमती एक्सप्रेस के गुजरने के पांच घंटे बाद देर रात को 11 बजकर पांच मिनट पर अवध एक्सप्रेस ही कानपुर जाती है। गोमती एक्सप्रेस के निरस्त होने से यात्रियों को अब रात के समय अवध एक्सप्रेस ही मिल पाएगी। गोमती एक्सप्रेस से पहले कानपुर जाने के लिए कालका मेल दोपहर 12 बजकर छह मिनट एवं महानंदा एक्सप्रेस अपराह्न एक बजे हैं। गोमती एक्सप्रेस के निरस्त होने के कारण लगभग 10 घंटों तक कानपुर के लिए कोई ट्रेन फफूंद रेलवे स्टेशन से नहीं मिलेगी।