Girl killed by jumping in front of train
- फोटो : AURAIYA
अछल्दा (औरैया)। अछल्दा रेलवे स्टेशन पर शनिवार की सुबह एक युवती ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। जीआरपी ने शव के पास से मोबाइल और पर्स बरामद किया। मोबाइल में अंतिम कॉल से युवती की शिनाख्त की गई। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
शनिवार को सुबह एक युवती अछल्दा रेलवे स्टेशन के आसपास मोबाइल से बात करती घूमती रही। दोपहर करीब एक बजे कानपुर की ओर जा रही मालगाड़ी के आगे उसने छलांग लगा दी, जिससे उसके शव के चीथड़े उड़ गए। चेहरे को भी पहचानना मुश्किल था। घटना की सूचना जीआरपी फफूंद को दी गई। मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव के पास से पर्स व मोबाइल बरामद किया। पुलिस ने मोबाइल खोलकर देखा तो उसमें सिम नहीं था। पर्स खंगालने पर उसमें दो सिम मिले। पुलिस ने अंतिम नंबर पर कॉल की तो वह नंबर कानपुर के गोविंदनगर के सिपाही रितेश यादव का निकला। उससे जानकारी मिलने पर युवती की शिनाख्त रिंकी (24) पुत्री मानसिंह निवासी पुरवा गुमानी कोतवाली बिधूना के रूप में की गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक युवती का परिजनों से झगड़ा हुआ था, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया है। पुलिस ने बताया कि परिजनों को खबर दे दी गई है, लेकिन अभी कोई पहुंचा नहीं है।