फफूंद ( औरैया)। क्षेत्र के गांव फक्कड़पुर में पत्नी और दो बेटों को जलाने के आरोपी रंजीत कुमार को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। दोपहर बाद उसे कोर्ट में पेश कर पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। इधर, गुरुवार की रात आग से जलकर मरे मां-बेटे का शुक्रवार देर शाम पुलिस की सुरक्षा में अंतिम संस्कार किया गया। जबकि सैफई अस्पताल में भर्ती दूसरे बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है।
फक्कड़पुर गांव में निवासी रंजीत कुमार की पत्नी सुमन और उसके दो बेटे गौरव (3) और छोटू (नौ माह) गुरुवार की रात लगभग 11 बजे आग से जल गए थे। इससे सुमन की मौके पर मौत हो गई थी। बेटे गौरव ने अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ दिया था। छोटे बेटा छोटू को गंभीर हालत मं सैफई अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना के बाद सुमन का पति और ससुराल के अन्य लोग फरार हो गए थे। इस मामले में कानपुर के देहात के रूरा थानाक्षेत्र के बचीत जसू गांव निवासी सुमन के भाई रवींद्र कुमार ने बहनोई रंजीत, उसके बड़े भाई, भाभी समेत पांत लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि दहेज में नगदी व बाइक की मांग पूरी न होने पर घटना को अंजाम दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार की शाम सुमन और गौरव का परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद दोनों का फक्कड़पुर गांव में पुलिस की सुरक्षा में अंतिम कराया गया। इसमें सुमन के मायके और ससुराल पक्ष के तमाम लोग शामिल हुए। थाना प्रभारी अखिलेश जायसवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम में मां-बेटे की आग से जलने से मौत की पुष्टि हुई है। बकौल थाना प्रभारी पुलिस टीम ने शनिवार को हत्यारोपी रंजीत कुमार को क्षेत्र से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।