बिधूना (औरैया) केंद्र व प्रदेश सरकार स्वच्छता अभियान चला रही है। वहीं नगर पंचायत द्वारा लगवाए गए मोबाइल शौचालयों की सही से देखरेख न होने पर नगर से सभी शौचालय गायब हो गए। कुछ तो लोगों ने अपने घरों में रख लिए तो वहीं कुछ कबाड़ पड़े हैं। जिससे लोग खुले में शौच करने को मजबू्र हैं। वहीं बाजार आदि आने पर छोटे-छोटे बच्चे नालियों में शौच करते हुए देखे जा रहे हैं। जिससे स्वच्छता की पोल खुलती नजर आ रही है।
नगर पंचायत द्वारा शहर में एक वर्ष पूर्व 43 मोबाइल शौचालय लगवाए गए। भगत सिंह चौराहा, रामलीला मैदान, दुर्गा मंदिर के पीछे, सिविल कोर्ट के पास, सीओ आवास वाली गली आदि के पास नगर पंचायत द्वारा शौचालय लगे थे। लेकिन नगर पंचायत के कर्मचारियों की लापरवाही के कारण नगर से सभी शौचालय गायब हो गए। कुछ तो लोगों ने अपने घरों में लगा लिए, कई शौचालय जलकल संस्थान के पास पडे़ कबाड़ हो रहें है। जिससे लोगों को शहर आने पर शौच आदि की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बाजार आने वाली महिलाओं व बच्चों को नालियों का सहारा लेना पड़ता है। जबकि केंद्र व प्रदेश सरकार स्वच्छता को लेकर देश व प्रदेश में अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करने का काम कर रही है। नगर पंचायत उदासीन बना हुआ है।
शौचालय कहां गए, किस हालत में है। उन्हें वर्तमान में जानकारी नहीं है। अगर ऐसा कोई मामला सामने आता है तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी
निषाद मधुरमय (ईओ, नगर पंचायत)