औरैया। शासन ने गेहूं खरीद के लिए समय सारिणी जारी कर दी है। एडीएम वित्त एवं राजस्व को गेहूं खरीद का जिला नोडल अधिकारी बनाया गया है। क्रय एजेंसियों से 15 फरवरी तक केंद्रों के प्रस्ताव मांगे गए हैं।
गेहूं खरीद रबी विपणन वर्ष 2022-23 के लिए प्रशासन तैयारियों में जुटा है। एक अप्रैल से खरीद शुरू होनी है। शासन ने गेहूं का समर्थन मूल्य 2015 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। पिछले साल की तुलना में समर्थन मूल्य में 40 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है। साल 2020-21 में समर्थन मूल्य 1975 रुपये था। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रेखा एस चौहान को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। उन्होंने क्रय एजेंसिंयों के प्रभारियों से 15 फरवरी तक केंद्रों के प्रस्ताव मांगे हैं। एक मार्च तक इन केंद्रों का अनुमोदन जिला स्तरीय कमेटी में होगा। पिछले साल 73 क्रय केंद्र बनाए गए थे।
गेहूं खरीद के लिए शासन ने समय सारिणी जारी कर दी है। इस बार गेहूं का समर्थन मूल्य 2015 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। क्रय एजेंसियों के प्रभारियों से केंद्रों के प्रस्ताव मांगे गए हैं। एक अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू होगी।
- सुधांशु शेखर चौबे, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी