बोर्ड परीक्षा में निरीक्षण के दौरान डीएम ने सोमवार को बिधूना के एक परीक्षा केंद्र पर भारी मात्रा में नकल पकड़ी। यहां तक कि केंद्र परिसर में साल्व पेपर भी मिला। मामले में केंद्र व्यवस्थापक और कक्ष निरीक्षक समेत सात शिक्षकों को हटा दिया गया। दो कक्ष निरीक्षकों के खिलाफ बिधूना कोतवाली में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। इस केंद्र की परीक्षा निरस्त कर दी गई है।
डीएम के. बालाजी ने सोमवार को श्रीकुंवर सिंह रामदेवी इंटर कालेज अछल्दा, सेठ पुत्तीलाल इंटर कालेज अछल्दा का निरीक्षण किया। यहां केंद्र व्यवस्थापकों को नकल विहीन परीक्षा कराए जाने के निर्देश दिए। इसके बाद डीएम ने बिधूना के गांधी इंटर कालेज का निरीक्षण किया। यहां डीएम को परीक्षा केंद्र परिसर में जगह-जगह भारी मात्रा में नकल मिली। डीएम ने केंद्र परिसर में नकल की पर्चियों के साथ साल्व पेपर भी बरामद किया। इस पर डीएम ने केंद्र व्यवस्थापक व परीक्षा केंद्र पर मौजूद छह कक्ष निरीक्षकों को हटाने का आदेश किया।
डीआईओएस को केंद्र व्यवस्थापक कृष्ण कुमार और कक्ष निरीक्षक प्रिया गुप्ता, गिरजेश दीक्षित, नरेश सिंह, राजेश्री, विमलेश कुमारी, रामवीर के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने डीआईओएस को निर्देश दिया कि भविष्य में यह स्कूल कभी परीक्षा केंद्र न बने। आज होने वाली परीक्षा भी निरस्त कर दोबारा कराए जाने के निर्देश दिए। वहीं सुबह की पाली में हाईस्कूल की अंग्रेजी परीक्षा में 29709 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिसमें 2434 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
सख्ती के चलते 5365 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी। सुबह की पाली में इंटर में कृषि विषय की परीक्षा में पंजीकृत 253 परीक्षार्थियों में 234 परीक्षार्थी उपस्थित हुए। सुबह की पाली में इंटर में समाजशास्त्र विषय में पंजीकृत 3828 परीक्षार्थियों में 3242 परीक्षार्थियों ने दी। इधर निरीक्षण के दौरान डायट प्राचार्य ने हरदयाल महारानी देवी इंटर कालेज पुरवातरा सहार में तीन परीक्षार्थियों को नकल करते पाया।
दो कक्ष निरीक्षकों के खिलाफ एफआईआर
डीआईओएस चंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्र के सभी कक्ष निरीक्षकों और केंद्र व्यवस्थापक को हटा दिया गया है। केंद्र व्यवस्थापक कृष्ण कुमार ने बिधूना कोतवाली में ब्रजेश दीक्षित, प्रिया गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।
एडीएम और एएसपी ने किया निरीक्षण
अजीतमल। सोमवार को सुबह की पाली में आयोजित परीक्षाओं का जायजा लेने के लिए एडीएम रामसेवक द्विवेदी और एएसपी पंकज ने क्षेत्र के जनता इंटर कालेज, बाल विकास संस्थान इंटर कॉलेज, गौतम बुद्व इंटर कॉलेज, शिवशंकर इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित परीक्षार्थियों की जानकारी ली और केंद्र व्यवस्थापक को शांति पूर्ण तरीके से बोर्ड परीक्षा संपन्न कराए जाने के निर्देश दिये। कहा कि यदि कोई किसी तरह की गड़बड़ी करे तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।