दिबियापुर थाना क्षेत्र के ग्राम ककोर के हरी पुर्वा में एक घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। इससे रसोई में रखा खाने-पीने का सामान जल गया। करीब पांच हजार रुपये की क्षति हो गई। वहीं प्रसादपुर में हुई दूसरी घटना में एक तालाब में खड़ी सूखी घास में आग लग गई थी।
हरी का पुर्वा निवासी उमा देवी पत्नी ज्ञान सिंह पाल सुबह-सुबह खेत पर बेझर काटने गई थी। पति भी ककोर में स्थित एक पेट्रोल पंप पर ड्यूटी करने गए थे। घर में कोई नहीं था। इसी दौरान पड़ोसियों ने उनके घर से धुआं निकलते देखा। इस पर उमा देवी को खेत पर जाकर सूचना दी। उमा देवी घर पहुंची तो रसोई में रखा खाने-पीने का सामान जलकर राख हो गया था। पीड़िता ने बताया कि आग से पांच हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
वहीं दूसरी आग की घटना में दिबियापुर थाना क्षेत्र के ग्राम प्रसादपुर में गांव के बीचों-बीच बने तालाब में खड़ी खरपतवार में आग लग गई। सूचना मिलते ही गेल व जिला फायर सर्विस की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।