गैस की अनुपलब्धता एवं मांग घटने से एनटीपीसी संयंत्र की सभी इकाइयां बंद होने के बाद इसका असर गेल इंडिया लिमिटेड के पाता पैट्रो कैमिकल प्लांट पर भी विपरीत पड़ा है। पिछले कई दिनों से यहां पर भी प्लास्टिक दाना का प्रोडक्शन घट गया है।
पाता में गेल का पैट्रो केमिकल प्लांट स्थित है, यहां पर लगभग चार लाख मीट्रिक टन एलएलडीपीई एवं एचडीपीई प्लास्टिक दाने का उत्पादन होता है।
बताते हैं कि गैस की कमी के कारण गेल पाता में एलएलडीपीई एवं एचडीपीई प्लास्टिक दाने का उत्पादन काफी घट गया है। एनटीपीसी द्वारा गैस न लिए जाने से नेचुरल गैस का प्रेशर कम हो गया है। गेल पाता में इसके चलते सी2 - सी3 समेत अन्य संयंत्रों की सर्किट पूर्ववत पूरा नहीं हो पा रहा है।
आलम यह है कि पूर्व में जहां एक दिन में 1200 से 1300 टन प्लास्टिक दाने का उत्पादन होता था। फिलहाल एक हजार से 1100 टन प्रतिदिन का उत्पादन हो रहा है। प्रतिदिन लगभग 100 टन उत्पादन में कमी आई है।
गेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने उत्पादन घटने की पुष्टि करते हुए बताया कि जैसे ही एनटीपीसी पूर्ववत गैस लेना प्रारंभ कर देगी। वैसे ही गेल में भी उत्पादन पूर्ववत होने लगेगा।
यह भी कहा कि अगर सब कुछ ठीक रहा तो अक्तूबर में प्लांट के दूसरे चरण की कमीशनिंग पूरी कर ली जाएगी। नवंबर में नवनिर्मित द्वितीय चरण के प्लांट से भी उत्पादन प्रारंभ हो जाएगा। a