औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र में रविवार व शनिवार की रात हुईं अलग-अलग मार्ग दुर्घटनाओं में एक किशोर समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने चारों को चिंताजनक हालत में सैफई रेफर कर दिया।
रविवार को सदर कोतवाली क्षेत्र में अयाना थाना क्षेत्र के ग्राम अस्ता निवासी विमल (35) पुत्र देवकी नंदन गांव के ही अपने एक अन्य साथी राज कुमार (25) पुत्र कमल के साथ पौने 12 बजे बाइक से औरैया से अपने गांव अस्ता जा रहा था। जैसे ही उसकी बाइक हाईवे स्थित मधुपुर नहर पुल के पास पहुंची ही थी कि तभी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। जिससे बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में घायल युवक हेलमेट लगाए थे। एक अन्य मार्ग दुर्घटना में सोहिल (11) पुत्र अप्पी निवासी मोहल्ला जमालशाह औरैया रविवार को मोहल्ले में साइकिल चला रहा था। तभी उसकी साइकिल की चेन पहिये के साइड में फंस गईं। इस पर किशोर ने चेन निकालने का प्रयास किया तभी उसके हाथ की अंगुली चेन में फंस गई। जिससे बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। किशोर के हाथ से खून बहते देख, परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे सैफई रेफर कर दिया।
तीसरी घटना में शनिवार की रात लगभग 11 बजेे शहर के सैनिक कालोनी निवासी पुनीत कुमार (24) पुत्र जगदीश नरायन अपने पैतृक गांव नैवरपुर-चपटा कोतवाली अजीतमल से बाइक से औरैया जा रहा था। जैसे ही उसकी बाइक हाईवे रोड स्थित जालौन चौराहा के पास पहुंची ही थी कि तभी एक अन्य बाइक सवार ने सामने से उसकी बाइक में टक्कर मार दी। वह बाइक समेत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, टक्कर मारने वाला दूसरा बाइक सवार बाइक समेत भागने में सफल रहा।