सोमवार को आई रिपोर्ट में नगर पंचायत बिधूना के दो सफाई कर्मचारी समेत चार लोग कोरोना संक्रमित मिले।
इसमें एक पांच वर्षीय बालक भी शामिल है। जिले मेें अभी तक 96 संक्रमित सामने आए हैं। इनमें 56 मरीज स्वस्थ हो गए हैं, दो की मौत हो चुकी है। इस तरह अब एक्टिव केस 38 हैं।
जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि पहला संक्रमित इटावा इकदिल निवासी 42 वर्षीय युवक है। 17 जून को अपनी रिश्तेदारी में जाते समय अनंतराम टोल प्लाजा पर रोककर उसका सैंपल लिया गया था।
दूसरा संक्रमित जवाहरपुर सहार निवासी पांच वर्षीय बालक है, बालक के पिता और बहन 18 जून को संक्रमित पाए गए थे।
तीसरा व चौथा संक्रमित मरीज बिधूना क्षेत्र के है। यह दोनों नगर पंचायत कार्यालय बिधूना में संविदा सफाई कर्मचारी हैं। तीन संक्रमितों को दिबियापुर कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इटावा के संक्रमित को इटावा अस्पताल भेजा गया है। वहीं, सोमवार को पहले से संक्रमित मरीजों में दो संक्रमित मां-बेटी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
नगर पंचायत बिधूना के दो सफाई कर्मचारियों के संक्रमित पाये जाने से नगर में हड़कंप मचा है। इससे पहले काली मंदिर लोहा बाजार निवासी एक युवक भी संक्रमित मिला था, जो स्वस्थ होकर घर आ गया है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना के अधीक्षक डॉ. वीपी शाक्य ने बताया कि 19 जून को बिधूना के डाक-बंगला में तहसील, थाना व नगर पंचायत के 72 कर्मचारियों की सैंपलिंग कराई गई थी, जिनकी आज आई रिपोर्ट में नगर पंचायत बिधूना के दो सफाई कर्मचारी पॉजिटिव पाए गए हैं।
नोडल अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि सोमवार को दो विदेश से आए व्यक्तियों समेत 130 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि विदेश से आने वालों में दुबई और कतर से है।
अब 265 सैंपलों की रिपोर्ट आने का इंतजार है। एक-दो दिन में शेष रिपोर्ट आने की संभावना है।
कोविड अस्पताल दिबियापुर में भर्ती दो कोरोना संक्रमित स्वस्थ हो गए हैं। उन्हें घर भेजा जा रहा है। सीएचसी दिबियापुर अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने बताया कि अब 29 संक्रमितों का यहां उपचार चल रहा है।