फफूंद। मुढ़ी गांव में चार ग्रामीणों के बुखार से पीड़ित होने की सूचना पर बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर लगाया। डेंगू, मलेरिया और टाइफाइड की आशंका पर चारों के रक्त नमूने जांच के लिए लिए गए। हालांकि, सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई। टीम ने गांव में 50 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और दवाएं बांटीं।
वायरल फीवर, सर्दी, खांसी और जुकाम से पीड़ित ग्रामीणों को भी उपचार दिया गया। ग्राम पंचायत की प्रशासक प्रधान स्नेहलता और आशा ने दिबियापुर सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय आनंद को ग्रामीणों के बीमार होने की सूचना दी थी। अधीक्षक ने इसके बाद स्वास्थ्य टीम को गांव भेजा। टीम ने एंटी लार्वा का छिड़काव कराया और साफ-सफाई रखने की सलाह दी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय आनंद ने बताया कि चारों बुखार पीड़ितों की जांच रिपोर्ट निगेटिव है।