औरैया। लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड दिखा है।
मंगलवार को अफसरों ने जांच में मानकों की कमी पाए जाने पर ब्रह्म लाइब्रेरी, गुरुकुल लाइब्रेरी, संकल्प एकेडमी और यशस्वी लाइब्रेरी को सील कर दिया। इन कोचिंगों में बाहर निकलने का सही रास्ता न मिलने पर कार्रवाई की गई।
एसडीएम सदर अजय आनंद वर्मा, सीएफओ तेजवीर सिंह, सीओ सिटी शैलेंद्र परिहार फोर्स के साथ शहर स्थित कोचिंग सेंटरों की जांच की। टीम ने शहर के अलग-अलग मोहल्लों में चल रहे कोचिंग सेंटरों में पहुंचकर अग्नि सुरक्षा उपकरण, भवन की मजबूती, एंट्री-एग्जिट गेट और जरूरी वैध दस्तावेजों की जांच की।
जांच के दौरान चार कोचिंग संस्थानों में गंभीर खामियां पाई गईं। इन सेंटरों के पास न तो संचालन के वैध दस्तावेज थे और न ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम। अधिकारियों ने पाया कि इन संस्थानों में छात्रों की जिंदगी को जोखिम में डालकर लापरवाही से काम लिया जा रहा था। मौके पर पर्याप्त फायर फाइटिंग सिस्टम भी नहीं मिले। बाद में अधिकारियों ने कोचिंग सेंटरों को सील कर दिया।
एसडीएम अजय आनंद वर्मा ने बताया कि ज्ञानदीप लाइब्रेरी, स्मार्ट लर्न कंप्यूटर सेंटर, ब्रह्म लाइब्रेरी, गुरुकुल लाइब्रेरी, टिब्बी क्लासेस, एडवांस्ड एजुकेशन हब, यशस्वी लाइब्रेरी व संकल्प एकेडमी एंड लाइब्रेरी की जांच की। यहां बाहर निकलने और लाइसेंस नहीं मिला। साथ ही अग्निशमन उपकरण भी नहीं थे। इससे अधिकारी ने ब्रह्म लाइब्रेरी, गुरुकुल लाइब्रेरी, संकल्प एकेडमी, यशस्वी लाइब्रेरी को सील कर दिया।
-