इटैली में कब्जा हटाती जेसीबी मशीन
- फोटो : AURAIYA
बिधूना/अछल्दा (औरैया)। इटैली गांव में सपा के पूर्व मंत्री के भाई द्वारा सरकारी जमीन पर बनाई गईं दुकानों पर बुधवार को जेसीबी चलवा दी गई।
बिधूना तहसील के गांव इटैली में ग्राम समाज की जमीन पर छह दुकानों का निर्माण कराया गया था। जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने प्रशासन से की थी। बुधवार को तहसीलदार न्यायालय के आदेश पर एसडीएम बिधूना राशिद अली खान, राजस्व निरीक्षक अशोक कुमार, क्षेत्रीय लेखपाल मनीष कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सरकारी जमीन पर बनी छह दुकानों को खाली कराकर ध्वस्त करा दिया। कब्जेदार से 4700 रुपये क्षतिपूर्ति भी ली जाएगी।
टीम ने बताया कि तहसीलदार न्यायालय में 20 फरवरी को अछल्दा क्षेत्र के गांव इटैली में ग्राम समाज की सरकारी नवीन परती भूमि पर गांव के पूर्व प्रधान शिवराज सिंह द्वारा कब्जा करने और छह दुकानें बनाने की शिकायत की गई थी। इससे दो लाख 80 हजार रुपये राजस्व की क्षति हुई थी। तहसीलदार न्यायालय से इस जमीन को कब्जा मुक्त कराने का आदेश पारित हुआ था। पूर्व प्रधान शिवराज के भाई विनोद यादव कक्का वर्तमान में सपा कार्यकर्ता हैं। वह विधायक और मंत्री रह चुके हैं। उनका क्षेत्र में काफी दबदबा है। तहसील प्रशासन द्वारा इसे पहले अशोक पूरी फार्म, बाँधमऊ, गुवारी, पाता आदि जगहों पर कई करोड़ की सरकारी जमीन खाली कराकर सरकारी बोर्ड जगाए जा चुके हैं।