रुरुगंज। अछल्दा ब्लॉक की ग्राम पंचायत पुरवा मके में करीब 20 दिनों से 10 केवीए के दो ट्रांसफार्मर फुंके हैं। इससे गांव के 100 घरों के करीब 500 की आबादी अंधेरे में है। लोगों के न मोबाइल चार्ज हो रहे और न ही पानी की मोटर चल रही। शाम ढलते ही अंधेरा छाने से बरसात के मौसम में जहरीले कीड़ों का भय भी सता रहा है। अब तक विद्युत निगम द्वारा समस्या का समाधान न किए जाने से ग्रामीणों में रोष है।
गांव निवासी देवेंद्र सिंह, मनोज कुमार, वीरमती, राजेश्वरी देवी व प्रधान जय कुमार शर्मा कहना है कि गांव में लगे दो ट्रांसफार्मर 20 दिन के अंदर फुंक गए हैं। इसको लेकर निगम के अधिकारियों से शिकायत भी की गई। इसके बावजूद अब तक एक भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया और न ही कोई देखने तक आया है। बिजली के अभाव में गांव के लोग कई परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
बताया कि रोजमर्रा के कामकाज जहां ठप हैं, वहीं मोबाइल तक चार्ज न होने से लोगों का एक-दूसरे से संपर्क भी कट गया है। बच्चों की पढ़ाई बाधित है और गर्मी में रात काटना मुश्किल हो रहा है। ग्रामीणों ने अधिकारियों से तत्काल दोनों ट्रांसफार्मर बदलवाकर गांव की आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। अवर अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि एक ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना मिली है। उसको चेक करवाया जा रहा है, जल्द ही उसे बदल दिया जाएगा।