त्योहारों के मद्देनजर आम लोगों को मानक विहीन खाद्य पदार्थों के सेवन से स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर डीएम के निर्देश पर खाद्य विभाग टीम ने छापामारी अभियान चलाया। टीम के अधिकारियों ने पांच विक्रेताओं से सैंपल एकत्रित किए। टीम द्वारा छापामारी करते देख दूधियों में हड़कंप मच गया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी जीके दुबे के नेतृत्व में खाद्य विभाग टीम ने छापामारी अभियान को गति दी। इस दौरान खाद्य अधिकारियों ने दिबियापुर रोड पर दूध कारोबारी शिव कुमार निवासी कखावतू, भारत सिंह निवासी बहादुरपुर डाक्टर का पुरवा, राममिलन निवासी करियापुर से दूध का नमूना भरा।
टीम ने कानपुर रोड हाईवे स्थित मोहन शेरे पंजाब ढाबा, मामा ढाबा व रेस्टोरेंट से पनीर के नमूने लिए। साथ ही अंशू यादव निवासी मानिकपुर अड्डा मोड़ के ढाबे से दही का नमूना संग्रहित किया।
खास बात यह रही कि खाद्य विभाग टीम द्वारा नमूना भरते देख दिबियापुर रोड, कानपुर रोड से निकल रहे दूधियों में हड़कंप मच गया। दूर से ही टीम को देखकर इधर-उधर गली से होकर निकल लिए।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दुबे ने बताया कि त्योहार को लेकर खाद्य टीम विशेष सतर्कता बरत रही है। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को कहा कि वह मिलावटी व मानक विहीन खाद्य पदार्थ बेचने से बचें। पकड़े जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। छापामार टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरके सिंह व आरके निरंजन शामिल रहे।