तहसील परिसर में आयोजित जिला स्तरीय तहसील दिवस में डीएम ने लंबित शिकायतों के निस्तारण में देरी पर पांच अधिकारियों को नोटिस जारी करने के आदेश दिए। इस मौके पर आई 116 शिकायतों में तीन शिकायतों का निस्तारण हुआ।
जिला स्तरीय तहसील दिवस में डीएम माला श्रीवास्तव ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान डीएम ने एसडीएम, सीएमओ, पीडी आरडीए, जिला कृषि अधिकारी, एक्सईएन पीडब्लूडी को कारण बताओ नोटिस जारी किया। साथ ही भविष्य में आदेशों के अनुपालन में अनदेखी करने पर सख्त कदम उठाए जाने की चेतावनी भी दी। तहसील दिवस में मुड़ैना रूपशाह निवासी रामचंद्र ने दबंगों की ओर से निजी भूमि पर कब्जे की शिकायत की। शौहरी गढ़िया निवासी सुदीप सिंंह ने परिक्रमा मार्ग पर कब्जा करने की शिकायत की।
रजपुरा निवासी राजकुमार ने समग्र लोहिया ग्राम योजना में अधूरे विद्युतीकरण को पूरा कराए जाने की मांग की। अंबेडकर नगर निवासी अन्नपूर्णा पत्नी शोभाराम ने खराब हैंडपंप को सही करवाने को शिकायती की। ग्राम फरिहा निवासी मान सिंह ने विरासत दर्ज करने में लेखपाल की आनाकानी की शिकायत की। शास्त्री नगर निवासी शिवकुमार पुत्र रामसनेही ने प्लाट खरीदने में हेराफेरी की शिकायती की। इस मौके पर एसडीएम अजीतमल राजेंद्र प्रसाद तिवारी, तहसीलदार अरविंद कुमार, नायब तहसीलदार संध्या शर्मा, सीडीओ सतेंद्र कुमार, बीएसए राजेश कुमार श्रीवास, डीएसओ दिलीप कुमार, डीआईओएस चंद्र प्रताप सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।
पूर्व मंत्री ने जल भराव की शिकायत की
सपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री सत्य नारायण दुबे के साथ मुहल्ले के एक दर्जन लोगों के साथ डीएम से मिलकर गढ़िया रोड पर जल भराव की शिकायत की। उन्होंने कहा कि सड़क पर अक्सर जलभराव रहता है। हल्की बरसात में लोगों को घरों में कैद होना पड़ता है। बताया कि जिसकी शिकायत एक वर्ष पूर्व वार्ड के सभासद अमित दुबे ने कमिश्नर से भी शिकायत की पर अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी।
सदर तहसील में एसडीएम व नायब तहसीलदार ने सुनी शिकायतें
औरैया। सदर तहसील में आयोजित तहसील दिवस में एसडीएम जितेंद्र श्रीवास्तव व नायब तहसीलदार निधि पांडेय ने फरियादियों की शिकायतें सुनी। इस दौरान आई 85 शिकायतों में मौके पर चार निस्तारित की गई। हालांकि बरसात के कारण आज तहसील दिवस में कोई ज्यादा फरियादी नहीं दिखे।