रोजगार मेले में संबोधित करते कौशल विकास के संन्वयक अर्पित सचान
- फोटो : अमर उजाला
जिला सेवायोजन एवं उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की ओर से विकास भवन मुख्यालय के सभागार में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिसमें जिलेभर से आए 262 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। मेले में दिल्ली और कानपुर से आईं कंपनियों के अधिकारियों ने साक्षात्कार लिया। 52 युवकों का चयन किया। जिन्हें नौकरी करने के लिए आमंत्रित किया गया।
मंगलवार को विकास भवन मुख्यालय स्थित विकास भवन सभागार में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन और जिला सेवायोजन कार्यालय के संयुक्त प्रयास से रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ सीडीओ सतेंद्र चौधरी ने किया। उन्होंने छात्रों को बताया कि पढ़ने के बाद नौकरी की तलाश करना काफी कठिन है। योजनाओं के तहत सरकार शिक्षित करने वाले छात्रों को रोजगार भी दे रही है। छात्र प्रशिक्षण प्राप्त कर नौकरी ज्वाइन करें और आगे बढ़ें। बताया कि हो सकता है शुरूआत में नौकरी अच्छी न लगे लेकिन काम करने से मन लगेगा और तरक्की भी होगी।
डीपीएमयू अर्पित सिंह ने बताया कि रोजगार मेले में श्रीराम लाइफ इन्श्योरेंस कंपनी प्राइवेट लिमिटेड कानपुर और हेयर मेप्स दिल्ली से आईं कंपनियों के अधिकारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले छात्रों का साक्षात्कार लिया। बताया कि इस रोजगार मेले में जिलेभर से आए 262 छात्रों ने नौकरी के लिए साक्षात्कार दिया। जिसमें श्रीराम लाइफ इन्श्योरेंस कंपनी प्राइवेट लिमिटेड कानपुर की कंपनी ने 47 छात्रों और हेयर मेप्स दिल्ली के अधिकारियों ने पांच छात्रों का चयन किया। बताया कि कंपनियों के अधिकारियों ने इन 52 छात्रों को नौकरी के लिए आमंत्रित किया है। नौकरी ज्वाइनिंग करते ही कंपनी के अधिकारी इन्हें आफर लेटर उपलब्ध कराएंगे।