संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। मोहल्ला नारायनपुर में हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में शुक्रवार को सपा एमएलसी कमलेश पाठक व उनके दो भाइयों समेत 11 आरोपियों को जेल से कोर्ट में पेश होना था। इटावा जेल में निरूद्ध आधा दर्जन आरोपी ही आ सके। सपा एमएलसी कमलेश पाठक उनके भाई संतोष पाठक, रामू पाठक सहित अन्य जिलों में निरुद्ध पांच आरोपी कोर्ट में पेशी पर हाजिर नहीं हो सके। सभी आरोपियों के कोर्ट में हाजिर न हो पाने के कारण मुकदमा विचारण के लिए सेशन कोर्ट के सुपुर्द आज नहीं हो सका। सीजेएम ने सेशन कोर्ट की सुपुर्दगी की कार्रवाई की अगली तिथि अब छह अगस्त तय की है।
शहर के मोहल्ला नारायनपुर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में 15 मार्च 2020 को अधिवक्ता मंजुल चौबे व उनकी बहन की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने सपा एमएलसी कमलेश पाठक व उनके दो भाई संतोष पाठक और रामू पाठक समेत 11 आरोपियों के विरुद्ध चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट डॉ. सुरेश कुमार ने इस मामले को सेशन कोर्ट के सुपुर्द करने के लिए सभी 11 आरोपियों को 24 जुलाई को कोर्ट में हाजिर करने का आदेश संबंधित जेलरों को को भेजा था, लेकिन शुक्रवार को इस मामले के मात्र छह आरोपी इटावा जेल से कोर्ट आ सके, जिन्हें कोर्ट ने चार्जशीट की नकल रिसीव कराई।
सपा एमएलसी कमलेश पाठक उनके दो भाई संतोष पाठक, रामू पाठक व राजेश शुक्ला, आशीष दुबे जेल से कोर्ट नहीं आए। इसके कारण सीजेएम ने सेशन कोर्ट की सुपुर्दगी की कार्रवाई की अगली तिथि छह अगस्त तय कर दी।
दोहरे हत्याकांड में एमएलसी कमलेश पाठक समेत 11 आरोपियों की पेशी को लेकर कचहरी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। पूरी कचहरी छावनी में तब्दील रही। कमलेश पाठक के न आने की सूचना पर पुलिस ने राहत की सांस ली।