ग्राम रंजीतपुर में चल रहे किक्रेट टूर्नामेंट में हार से बौखलाए खिलाड़ियों ने विपक्षी टीम पर फायरिंग कर दी। फायरिंग से महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को दिबियापुर सीएचसी भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
शनिवार दोपहर रंजीतपुर गांव में बैसुंधरा व रंजीतपुर टीमों के बीच किक्रेट मैच चल रहा था। मैच में रंजीतपुर की टीम विजयी घोषित की गई। बैसुंधरा टीम खिलाड़ी हार से झगड़े पर अमादा हो गए। स्थानीय लोगों के बीच बचाव करने में मामला निपट गया।
एक घंटे बाद बैसुंधरा टीम के खिलाड़ी हथियारों से लैस होकर मैदान पर पहुंचे और फायरिंग कर दी। फायरिंग से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। फायरिंग से सड़क से निकल रही नीलम देवी व इंकला देवी पत्नी महेंद्र सिंह व बच्चन लाल को छर्रे लगे हैं।
दिबियापुर थानाध्यक्ष विक्रमाजीत सिंह ने घटना की जानकारी ली। फायरिंग में घायल लोगों को दिबियापुर सीएचसी पर भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल बच्चन लाल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।