बिधूना (औरैया)। प्लांट के किनारे बिजली का पोल लगाने के विवाद में एक युवक से मारपीट कर कुछ लोगों ने फायरिंग कर जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट में घायल युवक ने पुलिस को रिपोर्ट लिखे जाने की तहरीर दी है। घायल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव देवराव निवासी दीपकांत पुत्र ओमकांत ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि मंगलवार को विद्युत विभाग के कर्मचारी गांव में खंभे लगाने आए थे। उनसे अपने प्लाट के किनारे पोल खड़े करने के लिए कहा। तभी गांव के ही तीन लोग तमंचा लेकर आए और गालियां देते हुए मारपीट कर फायरिंग कर दी। जानलेवा हमला देख उसने घर में घुसकर अपनी जान बचाई। आसपास के लोगों को आता देख मारपीट करने वाले तीनों जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मारपीट में घायल व्यक्ति को अस्पताल भेजा है। तहरीर के आधार पर पुलिस जांच करने में जुटी है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी राजदेव प्रजापति ने बताया कि देवराव में मारपीट का मामला है। कोई फायरिंग नहीं हुई जांच करा ली गई।