फोटो-26- बिजली परिवर्तक की मरम्मत करते लाइनमैन। स्रोत:कर्मी
सहार। बाजार में लगे एक ट्रांसफार्मर में शनिवार को आग लग गई। इससे बाजार में दहशत फैल गई। बाद में विद्युत निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कराई। इससे बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।
कस्बे के मुख्य बाजार में पोरवाल एजेंसी के पास लगे 400 केवीए के विद्युत परिवर्तक में शनिवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। ट्रांसफार्मर की एलटी केबल जल जाने के कारण आग भड़क गई। इससे आसपास की विद्युत आपूर्ति भी कुछ समय के लिए बाधित हो गई। यह देख लोगों में चिंता का माहौल बन गया।
भीड़भाड़ वाली जगह होने के चलते लोग दूर भागते नजर आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रांसफार्मर से धुआं और चिंगारी निकलते देख दुकानदारों और राहगीरों ने इसकी सूचना विद्युत विभाग को दी। इसके बाद विद्युत विभाग की टीम और लाइनमैन मौके पर पहुंचे। लाइनमैनों ने जली हुई एलटी केबल को बदलते हुए परिवर्तक समेत ट्रांसफार्मर की मरम्मत की। काफी मशक्कत के बाद केबल को ठीक कर दिया गया। जिसके बाद बिजली बहाल की गई।
दुकानदारों का कहना है कि यदि समय रहते विद्युत विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि बाजार में लगे ट्रांसफार्मरों की समय-समय पर जांच कराई जाए। अवर अभियंता आफताब आलम ने बताया कि केबल जलने के कारण यह समस्या हुई थी। परिवर्तक समेत ट्रांसफार्मर को दुरुस्त करा दिया गया है।