फोटो-14- दुकान में लगी आग को बुझाते दमकल कर्मी। संवाद
दिबियापुर। कस्बा स्थित तिराहे पर मंगलवार तड़के एक इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की दुकान में अचानक आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पेट्रोल पंप के सामने स्थित इस बाजार में हड़कंप मच गया।
दुकान में रखा लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान जल गया। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
तिराहे पर पेट्रोल पंप के सामने आशीष मिश्रा की इलेक्ट्रॉनिक की दुकान है। मंगलवार की तड़के करीब चार बजे अचानक दुकान के भीतर से धुंआ और आग की लपटें उठती देख राहगीरों और स्थानीय लोगों ने शोर मचाया। प्रारंभिक जांच और जानकारी के अनुसार आग लगने की मुख्य वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।
दुकान बंद होने के कारण अंदर ही अंदर आग सुलगती रही और उसने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं।
दमकल कर्मियों ने पुलिस की मदद से आग पर काबू पा लिया। हालांकि, तब तक दुकान में रखा लगभग पूरा सामान जल चुका था। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास की अन्य दुकानें और सामने स्थित पेट्रोल पंप सुरक्षित रहे। मुख्य अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया था।