मुरादगंज (औरैया)। कस्बा जाना में एक प्लाट में आग लग गई। लपटों ने दो मकानों को अपनी चपेट में लिया। इससे मकान में रखा हजारों रुपये कीमत का सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों की मदद से दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
कस्बा जाना निवासी सुभाष व अखिलेश के घर के पास ही दोनों का साझे का एक प्लाट है। प्लाट में छप्पर रखकर अखिलेश की पालतू गाय बंधी रहती है। गाय के लिए भूसा भी वहीं रखा जाता है। सोमवार दोपहर करीब दो बजे प्लाट में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में स्थित श्यामबाबू के प्लाट में रखे भूसे व रघुनाथ के घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों को देख ग्रामीणों ने इसकी जानकारी दमकल कर्मियों को दी। साथ ही आग बुझाने में जुट गए।
मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। आग से अखिलेश के प्लाट में रखा करीब 30 क्विंतल भूसा, छप्पर, ढेंचा व श्यामबाबू के प्लाट में रखा करीब 20 क्विंतल भूसा व छप्पर जलकर राख हो गए। आग से रघुनाथ के घर के आंगन में रखा 10 बोरी गेंहू 12 बोरी धान, चारपाई, गृहस्थी का सामान व कमरों के दरवाजे भी जल गए हैं।