फोटो 29 एयूआरपी 06- हीरो कंपनी के शोरूम में मंगलवार की देर रात लगी आग का नजारा
- फोटो : AURAIYA
अजीतमल (औरैया)। कस्बा स्थित औरैया रोड पर बाइक के शोरूम में मंगलवार की रात शार्ट सर्किट से आग लग गई। बुधवार की सुबह करीब चार बजे मार्निंग वॉक पर निकले लोगों ने धुआं उठता देख शोरूम के मालिक को सूचना दी। शोरूम मालिक ने पुलिस को आग लगने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार बिंद मौके पर पहुंचे। शोरूम बंद होने से पुलिस अधिकारी काफी देर तक बाहर खड़े रहे। एक घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग बुझाना शुरू किया। तब तक शोरूम में रखी लाखों रुपये कीमत की बाइकें व अन्य सामान राख हो चुकी थीं।
अजीतमल कस्बे के मोहल्ला गांधी नगर निवासी अमित शुक्ला का घर से कुछ ही दूरी पर औरैया रोड पर शुक्ला ऑटोमोबाइल के नाम से हीरो बाइक का शोरूम है। मंगलवार की रात शोरूम के पिछले हिस्से में बने गैराज में शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग ने वहां रखी बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें शोरूम तक पहुंच गई। रात में किसी को आग लगने की भनक नहीं लगी। बुधवार को सुबह तकरीबन चार बजे मार्निंग वॉक पर निकलने लोगों ने धुआं उठता देखकर इसकी जानकारी शोरूम मालिक अमित शुक्ला को दी। इस बीच वहां काफी भीड़ एकत्र हो गई।
सूचना मिलते ही शोरूम मालिक अमित शुक्ला भी मौके पर पहुंच गए। आसपास के लोगों ने सबमर्सिबल आदि से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। शोरूम मालिक ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार बिंद मौके पर पहुंचे और कंट्रोल रूम को आग लगने की सूचना दी। एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर आग बुझानी शुरू की।
शोरूम चारों तरफ से बंद होने के चलते फायर ब्रिगेड को आग बुझाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने टोल प्लाजा से जेसीबी मंगाकर बिल्डिंग का एक हिस्सा गिराया, तब जाकर फायर ब्रिगेड शोरूम के अंदर प्रवेश कर सकी। तब तक शोरूम के अंदर खड़ी लाखों की कीमत की 45 बाइकें, स्पेयर पार्ट्स, सर्विस का सामान, कस्टमर की सर्विस बुक सहित तमाम महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर राख हो चुके थे। शोरूम मालिक अमित शुक्ला ने घटना की तहरीर अजीतमल कोतवाली में दी है।