-कस्बा के मोहल्ला नेहरू नगर की घटना, खुलासे के करीब पहुंची पुलिस
संवाद समाचार एजेंसी
दिबियापुर। मोहल्ला नेहरू नगर में एक व्यापारी के सूने घर में हुई चोरी की घटना के मामले में पुलिस ने 14 दिन बाद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को उठाया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
नेहरू नगर निवासी प्रशांत पोरवाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 28 मई को वह अपनी मां के साथ सुबह करीब 10 बजे नारायणी मंडपम के पास बने अपने नए मकान की साफ-सफाई करने गए थे। शाम को जब वे वापस लौटे, तो मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर पहुंचे। वहां सामान बिखरा देख वह सन्न रहे गए। पीछे की खुली गैलरी का लकड़ी का दरवाजा टूटा हुआ था।
आरोप है कि अंदर अलमारी का निचला हिस्सा क्षतिग्रस्त था और उसमें रखे लोन के पांच लाख रुपये, दुकानदारी के फुटकर रुपये तथा जेवर पार कर दिए थे। प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।