औरैया। मोहल्ला पढ़ीन दरवाजा में घर में घुसकर जेवर व नकदी ले जाने और युवक को छत से फेंकने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गल्ला व्यापारी संजय गुप्ता की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है।
संजय गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे अभिनव की शादी तीन फरवरी 2026 को अंजली से हुई थी। कुछ दिन बाद अंजली पति पर लखनऊ में रहने का दबाव बनाने लगी। 18 सितंबर को उसने अपने मायके पक्ष के लोगों को बुलाया। अंजली के मायके पक्ष व रिश्तेदार घर में घुस गए। अभिनव गुप्ता के विरोध करने पर सुनील कुमार, घनश्याम दास और अरुण कुमार गुप्ता ने उसे छत से धक्का दे दिया। अभिनव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे कानपुर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज अभी भी जारी है।
आरोप है कि आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ के बाद लाखों रुपये के जेवर और 990000 रुपये नकद ले लिए। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज हुई है। इसमें बहू अंजली गुप्ता, महावीर प्रसाद गुप्ता, अरुण कुमार गुप्ता, घनश्याम दास गुप्ता, सुनील गुप्ता, मोहित और नारायण शामिल हैं। साथ ही 10 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।