दिबियापुर। नगर पंचायत में सरकारी ठेकेदार को धमका कर रंगदारी मांगने के मामले में ठेकेदार की तहरीर पर ने प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की पुलिस जांच कर रही है।
कंचौसी बाजार निवासी ठेकेदार ओमजी पांडेय ने तहरीर में बताया कि उन्हें नगर पंचायत दिबियापुर में सड़क व नाली निर्माण का सरकारी टेंडर मिला है। इस पर विपक्षी विकास अवस्थी ने 28 मई को समय करीब 3:30 बजे औरैया रोड स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर के पास मिलकर पांच फीसदी कमीशन की मांग की। आरोप है कि उसने धमकी दी कि अगर दिबियापुर में काम करवाना है तो ठेके की कीमत का पांच फीसदी रुपये देना ही होगा।
आरोप है कि रुपये देने से मना करने पर आरोपी ने गालियां देते हुए धमकी दी। बताया कि इसके बाद आरोपी लगातार फेसबुक आईडी व व्हाट्सएप ग्रुप पर निजी नंबर से उनके खिलाफ पोस्ट कर रहा है। इससे समाज में उनकी छवि धूमिल हो रही है। काम का गलत तरीके से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी किया गया।
आरोप लगाया कि उसे फोन कर पांच फीसदी रुपये देने का दबाव भी बनाया जा रहा है। पीड़ित ने बताया कि आरोपी पूर्व में भी दबाव बनाकर कई बार धन उगाही कर चुका है। प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़ित ठेकेदार की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।