औरैया। गांव भाऊपुर में ट्रैक्टर के हल का इस्तेमाल करने से रोकने पर आरोपियों ने दंपती को पीट जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि हमलावरों ने कुल्हाड़ी से वार कर युवक का सिर फोड़ने के बाद पत्नी के कपड़े फाड़ दिए थे। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
गांव भाऊपुर निवासी कोमल सिंह (25) ने पुलिस को बताया कि सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे गांव के ही कौशल त्यागी, उसकी पत्नी ज्योति और अरविंद कुमार घर में घुस आए। आरोपियों ने गाली-गलौज करनी शुरू कर दी। विरोध करने पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। कौशल त्यागी ने अपने हाथ में ली कुल्हाड़ी से कोमल सिंह के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आरोप है कि पति को बचाने पहुंची पत्नी को भी आरोपियों ने पीटकर कपड़े फाड़ दिए। इसके बाद आरोपी मारने की धमकी देकर मौके से भाग निकले। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि घायलों को मेडिकल व उपचार कराने के बाद तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।