दिबियापुर। थाना क्षेत्र के गांव अबाबर में घर में घुसकर पिता-पुत्र को पीटने के आरोप में पुलिस ने चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोप है कि खेत की मेड़ तोड़कर एक बीघा जमीन पर कब्जे का विरोध करने पर आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया था। आरोप है कि घर में खड़ी कार में भी तोड़फोड़ की गई।
सहायल रोड दिबियापुर निवासी रामनरेश गुप्ता के अनुसार, गांव अबाबर स्थित उनके गाटा संख्या 315 की मेड़ तोड़कर 12 जून की गांव निवासी श्रीकान्त गुप्ता, शिवकान्त, दिलीप गुप्ता व मदन गोपाल ने कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर 13 जून की सुबह आरोपी उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए पीटना शुरू कर दिया। बीच-बचाव में आए बेटे विजय कुमार को भी आरोपियों ने खींचकर पीटा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित के मुताबिक, तहसील में जमीन पैमाइश के कार्य में व्यस्त रहने के कारण मामले में देरी हुई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।