औरैया। किसान की आठ एकड़ में खड़ी फसल को पानी से डुबोकर नष्ट करने के मामले में मंगलवार को पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी ने बंबे की पटरी काटकर फसल पानी से डुबो दी थी। किसान का कहना है कि फसल नष्ट होने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
सदर कोतवाली के गांव आनेपुर निवासी रिंकू सिंह की आठ एकड़ जमीन चिरुहुली में है। खेत में इस समय गेहूं और सरसों की फसल है। पास का खेत गांव गोहना निवासी विकास सिंह कुशवाहा का है। आरोप है कि 21 दिसंबर की रात पड़ोसी विकास खेत पर पहुंचा। वहां से निकले बंबे की पटरी काट दी। खेत में खड़ी फसल पानी में डूबने से नष्ट हो गई। आरोपी के घर शिकायत करने पहुंचे तो धमकी दी।
किसान ने नष्ट फसल का मुआवजा दिलाए जाने और आरोपी पर कार्रवाई की मांग की। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।