अनंतराम (औरैया)। अनंतराम टोल प्लाजा के पास शुक्रवार की रात एक भीषण सड़क हादसा होते-होते बचा। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने आगे चल रही कार में पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक कार को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। गनीमत रही कि कार में सवार लोग सुरक्षित रहे लेकिन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इस मामले में मंगलवार की रात प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
फिरोजाबाद जिले के थाना रामगढ़ क्षेत्र के लालपुर निवासी नाजिम अपने परिजन अब्दुल कादिर के साथ शुक्रवार रात अजीतमल से वापस फिरोजाबाद जा रहे थे। रात करीब 9:40 बजे उनकी कार अनंतराम टोल टैक्स पर पहुंची और ऑनलाइन टोल कटने की प्रक्रिया चल रही थी, तभी पीछे से आए ट्रक ने कार में टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार इतनी अधिक थी कि वह टक्कर मारने के बाद कार को धकेलते हुए टोल प्लाजा पार कर गया। इसके बाद चालक और हेल्पर इटावा की ओर ट्रक लेकर भाग निकले। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई लेकिन कार सवारों को सुरक्षित देख लोगों ने राहत की सांस ली।
पीड़ित नाजिम की तहरीर पर अजीतमल पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी ट्रक और उसके चालक की पहचान की जा सके।