बिधूना। ब्लैकमेलिंग से क्षुब्ध होकर महिला के जहर खाकर जान देने के मामले में पुलिस ने प्रधानपति समेत तीन पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोपी महिला की अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की लगातार धमकी दे रहे थे। महिला ने 29 दिसंबर को जहर खाया था, दो दिन बाद उसकी मौत हो गई थी।
एक गांव निवासी युवक ने पुलिस को बताया कि वह छत्तीसगढ़ में मजदूरी करता है। उसकी पत्नी गांव में बच्चों के साथ रहती थी। इसी बीच गांव के ही सुखवेंद्र का उसके घर आना-जाना शुरू हो गया। आरोप है कि सुखवेंद्र ने पत्नी के अश्लील वीडियो बना लिए। इन्हीं फोटो के दम पर वह उसे ब्लैकमेल करने लगा और विरोध करने पर गाली-गलौज व पीटने लगा था।
आरोपी के पिता राजकुमार और गांव की प्रधान के पति राजकुमार से शिकायत की तो उन्होंने समाधान की जगह उसे ही अपमानित किया। आरोप है कि इन लोगों ने पीड़ित से गाली-गलौज कर धमकी दी। लगातार हो रहे अपमान और मानसिक तनाव से टूट चुकी महिला ने 29 दिसंबर 2025 को जहर खा लिया था। 31 दिसंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजन ने दो जनवरी को अंतिम संस्कार कर दिया था। पुलिस ने मामले की गहन जांच के बाद अब मंगलवार देर शाम मुख्य आरोपी सुखवेंद्र, उसके पिता राजकुमार उर्फ गुड्डू और प्रधानपति राजकुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाल बिधूना मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द कार्रवाई की जाएगी।