औरैया। शहर निवासी एक महिला ने पैमाइश के बाद खेत में लगाई गई खूंटियां उखाड़ने और विरोध करने पर पति के साथ मारपीट करने के आरोप में तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला तिलक नगर निवासी राजवती ने पुलिस को बताया कि नंदगांव में उनकी कृषि योग्य भूमि है। हाल ही में राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर खेत की नाप-जोख की थी और मेड़बंदी करते हुए वहां खूंटियां लगवाई थी। आरोप है कि 25 अप्रैल को गांव क्योंटरा निवासी रामनरेश प्रजापति, आलोक तिवारी और त्रिलोक तिवारी ने खेत पर पहुंचकर राजस्व टीम की ओर से लगाई गई खूंटियों को उखाड़ दिया। पति विष्णु ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता की। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें पीट दिया। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।