अजीतमल। बाबरपुर स्थित भारत गैस एजेंसी की मोबाइल वैन सेवा ठप हो गई है। 45 दिन में उपभोक्ताओं को सिलिंडर देने की व्यवस्था से लोग परेशान हैं। हालात यह हैं कि लोगों को लंबी-लंबी कतारों में घंटों खड़ा रहना पड़ रहा है। इसके बावजूद उन्हें सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है।
कस्बे के अंतिम छोर पर स्थित आरा मशीन के पास हर दिन अफरा-तफरी है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी के कर्मचारी मनमानी कर रहे हैं। प्रभावशाली लोगों को पहले सिलिंडर दे रहे हैं जबकि आम लोगों को लौटा दिया जा रहा है। इस अव्यवस्था के कारण कई बार मौके पर विवाद की नौबत भी आ चुकी है। लोगों का कहना है कि जिले के अन्य इलाकों में हर 25 दिन में गैस आपूर्ति हो रही है। वहीं, अजीतमल में यह अंतराल बढ़कर 45 दिन तक पहुंच गया है। यहां गैस संकट गहरा गया है। एजेंसी संचालक एस हरेंद्र ने बताया कि 45 दिन की व्यवस्था के तहत समस्या आ रही है। एजेंसी में सिलिंडर की कोई कमी नहीं है।(संवाद)